भारत-द. अफ्रीका टेस्ट में कई रिकॉर्ड
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच के आखिरी दिन रविवार को विश्व में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड टूट गया। इस मैच में कुल 37 छक्के लगे। दक्षिण अफ्रीका के डेन पीट ने 35वें ओवर में 36वां छक्का मारकर रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड 2014 में शारजाह में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच में बना था। उस मैच में कुल 35 छक्के लगे थे। रोहित शर्मा ने शनिवार को 13वां छक्का लगाकर एक टेस्ट में सबसे अधिक छक्कों का व्यक्तिगत रिकॉर्ड तोड़ा था। रोहित ने पाकिस्तान के वसीम अकरम का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक मैच में 12 छक्के लगाए थे।
ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का भी रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया। उन्होंने सबसे तेज 350 टेस्ट विकेट लेने में श्रीलंका के मुतैया मुरलीधरन की बराबरी कर ली है। उन्होंने यह मुकाम अपने 66वें मैच में हासिल किया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने रविवार को कहा कि उसका काम खास तरीके से खेलना है जैसे कि टीम उनसे उम्मीद करती है। सलामी बल्लेबाज के रूप में अपने पहले ही टेस्ट में 32 साल के रोहित ने दोनों पारियों में शतक जड़ते हुए 176 और 127 रन बनाए जिससे भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में 203 रन से जीत दर्ज की। मुंबई के इस बल्लेबाज ने मैन ऑफ द मैच पुरस्कार हासिल करने के बाद कहा, 'यहां मेरा काम खास तरीके से खेलना है, वे मुझ से यही उम्मीद करते हैं और मैं ऐसा करने का प्रयास करता रहूंगा।'