Dhoni के आलोचकों को चीफ कोच रवि शास्त्री का करारा जवाब
naidunia.jagran.com

मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ कोच रवि शास्त्री ने कहा कि महेंद्रसिंह धोनी ने टीम इंडिया के लिए काफी सफलताएं हासिल की हैं और उन्हें कब संन्यास लेना है इस बात का अधिकार उनके पास ही होना चाहिए।
इंग्लैंड में हुए वनडे वर्ल्ड कप के बाद से ही धोनी के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की अटकलें लगाई जा रही हैं। वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के बाद से धोनी टीम इंडिया की तरफ से खेले नहीं हैं। शास्त्री ने धोनी के आलोचकों को करारा जवाब देते हुए कहा, धोनी के संन्यास की बात करना उनका अपमान करने के समान है। धोनी को जब लगा था कि रिद्धिमान साहा उनकी जगह लेने के लिए तैयार है तब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। अभी सीमित ओवरों के फॉर्मेट में उनके विकल्प को लेकर ऐसी स्थिति नहीं है, इसलिए धोनी ने संन्यास की घोषणा नहीं की है। धोनी की आलोचना करने वाले आधे लोग तो ऐसे हैं जिन्हें जूते के लेस बांधना भी नहीं आते हैं। शास्त्री ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि धोनी को अपने संन्यास के बारे में फैसला लेने का अधिकार है और इसे उनके पास ही रहने देना चाहिए।
वर्ल्ड कप के बाद धोनी ने क्रिकेट से दो महीने का ब्रेक लिया था। वे इसके चलते वेस्टइंडीज के दौरे पर नहीं गए थे। उन्होंने इस दौरान आर्मी की अपनी बटालियन के साथ जम्मू-कश्मीर में 15 दिनों तक ड्यूटी दी थी। धोनी इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई घरेलू टी20 सीरीज में भी नहीं खेले थे। उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के लिए भी भारतीय टीम में नहीं चुना गया है। अभी यह साफ नहीं हुआ है कि उन्होंने खुद को इस सीरीज के लिए उपलब्ध बताया था या नहीं।
बीसीसीआई के चीफ सिलेक्टर एमएसके प्रसाद ने इस बात को फिर दोहराया था कि वे आगे की तरफ देख रहे हैं। इसके बावजूद चीफ कोच शास्त्री ने धोनी के सपोर्ट में बयान दिया। उन्होंने कहा, 15 साल तक भारत के लिए खेलने वाले खिलाड़ी को क्या यह पता नहीं होगा कि कब कौनसा फैसला लेना है?