REPORTS: शिवम दुबे को रिलीज करने वाली है रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
आईपीएल 2018 की नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने शिवम दुबे को 5 करोड़ में खरीदा था। घरेलू मैचों में मुंबई और मुंबई टी-20 लीग में बेहतरीन बल्लेबाजी की वजह से उन्हें यह मोटी रकम मिली थी। उन्हें शुरूआती कुछ मैचों में खेलने का मौका मिला लेकिन फिर टीम में बाहर कर दिया गया और खुद को साबित करने का मौका नहीं मिला।
ट्रेड करने का था विचार

इंडिया ए के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद भारतीय टीम में जगह बनाने वाले शिवम दुबे को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ट्रेड करने पर विचार कर रही थी। इसे लेकर उन्होंने कुछ फ्रेंचाइजी से बात भी की थी।
मुंबई मिरर की रिपोर्ट को माने तो इस बातचीत में शिवम दुबे भी शामिल थे लेकिन फ्रेंचाइजी ने फिर अपना मन बदल लिया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर वह शिवम दुबे को ट्रेड नहीं करेगी।
रिलीज करने की तैयारी

शिवम दुबे ने पिछले एक साल में बेहतरीन खेल दिखाया है लेकिन इसके बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर उन्हें रिलीज करने वाली है। इसका खुलासा भी मुंबई मिरर की रिपोर्ट में ही हुआ है। अभी तक इसके पीछे की वजह का खुलासा नहीं हुआ है।
सभी फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों को ट्रेड और रिलीज करने के लिए 14 नवंबर तक का समय है। इसके बाद 19 दिसंबर को नये सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होगी। टीम के नये डायरेक्टर माइक हेसन और नये कोचों ने उन्हें रिलीज करने का फैसला किया है।
सबसे महंगे खिलाड़ी हो सकते हैं

शिवम दुबे को अगर आरसीबी रिलीज करती है तो आईपीएल की नीलामी में वह सबसे महंगे खिलाड़ी हो सकते हैं। विजय हजारे ट्रॉफी में कर्नाटक के खिलाफ उन्होंने 67 गेंदों में 118 रनों की पारी खेली थी। इसमें 7 चौके और 10 छक्के शामिल थे।
उससे पहले दक्षिण अफ्रीका ए और वेस्टइंडीज ए के खिलाफ भी बेहतरीन खेल दिखाया था। उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 डेब्यू करने का मौका भी मिल सकता है और उनकी भूमिका मैच फिनिशर की होने वाली है।